बुनियादी शिक्षा...अक्षर ज्ञान से जीवन कौशल तक
जब हम “बुनियादी शिक्षा” की बात करते हैं, तो अक्सर ध्यान केवल पढ़ना-लिखना और गिनती तक सीमित रह जाता है। परंतु शिक्षा का वास्तविक अर्थ इससे कहीं व्यापक है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि एक सशक्त, संतुलित, स्वस्थ और नैतिक व्यक्ति का निर्माण है, जो जीवन की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास और विवेक से कर सके।
बुनियादी शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण तत्व यह है कि विश्व के सभी देश में इसका सकारात्मक प्रभाव, उसके "सामाजिक ताना-बाना" को मजबूती प्रदान करने वाला होता है।
1. शिक्षा का वास्तविक लक्ष्य
सर्वप्रथम यह तो सर्वमान्य सत्य है कि पढ़ना-लिखना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि यह संज्ञानात्मक योग्यता की नींव रखता है। परंतु यह पर्याप्त नहीं है। बच्चों को हर तरह की समस्या-समाधान, आलोचनात्मक सोच, संवेदनशीलता, सहयोग और निर्णय-निर्माण जैसे कौशल भी सिखाना चाहिए।
भारत की राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) का लक्ष्य है कि हर बच्चा प्राथमिक स्तर पर आधारभूत साक्षरता और संख्या-ज्ञान प्राप्त करे, परंतु इसके साथ जीवन कौशलों का विकास भी उतना ही आवश्यक है।
2. शिक्षा के तीन स्तंभ
शारीरिक स्वास्थ्य
“स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है।” खेल, शारीरिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य-शिक्षा को प्राथमिक विद्यालयों में अनिवार्य किया जाना चाहिए। इससे बच्चे ऊर्जावान रहते हैं और सीखने की क्षमता बढ़ती है।
मानसिक स्वास्थ्य
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार, छात्रों में तनाव, चिंता और दबाव बढ़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप आत्म-संदेह, अवसाद और सामाजिक अलगाव जैसी समस्याएँ सामने आती हैं। पाठ्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य शिक्षा शामिल हो।
स्कूलों में काउंसलर और सहयोगी तंत्र उपलब्ध हों।
नैतिक मूल्य
ज्ञान तभी सार्थक है जब उसमें नैतिकता जुड़ी हो। प्रारंभिक शिक्षा में सहानुभूति, सत्यनिष्ठा, सहयोग, सम्मान और सामाजिक न्याय जैसे मूल्य सिखाए जाएँ। इससे बच्चे जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
3. वैश्विक परिप्रेक्ष्य
विश्व स्तर पर शिक्षा के मामले में निराशाजनक आंकड़े यह बताते हैं कि लगभग 40% बच्चे 3–4 वर्ष की उम्र में प्रारंभिक शिक्षा से वंचित रहते हैं।
UNESCO के अनुसार, पर्याप्त प्रारंभिक शिक्षा न मिलने से 37% बच्चे पढ़ने की न्यूनतम क्षमता तक नहीं पहुँच पाते। रिपोर्ट बताती है कि शुरुआती शिक्षा में निवेश से स्वास्थ्य, सामाजिक सामंजस्य और आर्थिक परिणामों में 13% सुधार होता है।
4. भारत का परिदृश्य
भारत देश में भी बुनियादी शिक्षा की स्थिति संतोषजनक नहीं होने की वजह से "राष्ट्रीय शिक्षा नीति - 2020" (National Education Policy-2020) बनी, ताकि इस क्षेत्र की भविष्यगत चुनौतियाँ से सुनियोजित रूप से सामना किया जा सके।
साक्षरता की स्थिति
एसर (Early Childhood Care & Education Report) के अनुसार, कई बच्चे पढ़ने-लिखने के बुनियादी परिणामों में संघर्ष कर रहे हैं। ग्रामीण और वंचित समुदायों में स्थिति और गंभीर है।
केवल “नामांकन” पर्याप्त नहीं है; गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मूल्य-आधारित पाठ्यक्रम की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अंतर्गत ECCE (Early Childhood Care and Education) का उद्देश्य 0–8 वर्ष के बच्चों के संपूर्ण विकास, शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, भावनात्मक और संज्ञानात्मक को सुनिश्चित करना है। इसे शिक्षा का Foundational Stage माना गया है, जिसमें 3 वर्ष का प्री-स्कूल और कक्षा 1–2 शामिल हैं।
NEP-2020 में ECCE के प्रमुख प्रावधान
आयु सीमा-- जन्म से लेकर 8 वर्ष तक के बच्चे।
मुख्य घटक-- देखभाल, पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सामाजिक विकास।
महत्व-- इस आयु में मस्तिष्क सबसे तेजी से विकसित होता है और जीवनभर के स्वास्थ्य व सीखने की नींव रखी जाती है।
Foundational Stage
3–6 वर्ष: ECCE (आंगनवाड़ी, प्री-स्कूल, बालवाटिका)।
6–8 वर्ष: प्राथमिक विद्यालय की कक्षा 1 और 2
Balvatika/Preparatory Class
5 वर्ष की आयु तक हर बच्चे को कक्षा 1 से पहले एक तैयारी कक्षा में भेजा जाएगा।
5. शिक्षा नीति में आवश्यक बदलाव
नैतिक शिक्षा को अनिवार्य बनाना, पाठ्यक्रम में सहानुभूति, सहयोग और समानता जैसे मूल्य शामिल हों। प्रत्येक स्कूल में व्यवहार-सहायता केंद्र और काउंसलर हों। साप्ताहिक Character & Life Skills Sessions आयोजित किए जाएँ।
खेल और स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा, सुबह व्यायाम समय अनिवार्य हो। पोषण कार्यक्रम और स्वास्थ्य-शिक्षा सत्र हों।
तनाव और भावनात्मक स्वास्थ्य पर कक्षा-आधारित चर्चा हो।
शिक्षक और मानसिक-स्वास्थ्य विशेषज्ञ
शिक्षक केवल ज्ञान नहीं, बल्कि भावनात्मक और नैतिक मार्गदर्शक भी हों। प्रत्येक स्कूल में कम-से-कम एक मानसिक-स्वास्थ्य विशेषज्ञ नियुक्त हो। शिक्षक प्रशिक्षण में समग्र विकास शिक्षण कौशल शामिल हों।
6. समाज पर शिक्षा का व्यापक प्रभाव
आर्थिक उन्नति-- शिक्षित व्यक्ति अधिक उत्पादक और नव प्रवर्तनशील होता है।
सामाजिक सामंजस्य-- नैतिक शिक्षा समाज में न्याय, सम्मान और समानता को बढ़ावा देती है।
मानव संसाधन सशक्तीकरण-- स्वस्थ और जागरूक पीढ़ी राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाती है।
उपरोक्त तथ्यों को ध्यान में रखते हुए निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि "शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं है, यह जीवन का सबसे बड़ा निवेश है। शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और नैतिक मूल्य जैसे महत्वपूर्ण तत्वों का समावेश कर ही बच्चों को आत्मविश्वासी, संवेदनशील और समाज में सकारात्मक योगदान देने योग्य बनाती है।"
लेखक -- मनोज भट्ट, कानपुर
06 जनवरी 2026
--------------------------------------------------------
अपनी प्रतिक्रिया ज़रूर दें...कृपया फॉलो करें....धन्यवाद 🙏
आपकी टिप्पणी मेरे लिए मार्गदर्शन होगी। आपके अनुभव और विचार ही इस “सामाजिक ताना-बाना” को जीवंत बनाते हैं।
👉 पारिवारिक एवं सामाजिक सरोकार के अन्य विषय पर लेखों का संग्रह पाएं मेरे हिंदी ब्लॉग सामाजिक ताना-बाना में।
पढ़ने हेतु कृपया शीर्षक पर क्लिक करें।👇
- सास-बहू संबंध और बेटियों की परवरिश
- किशोरावस्था: नाजुक उम्र, मजबूत भविष्य
- जेन्जी (Gen Z): नई सोच, नई जिम्मेदारी
- सामाजिक ताना-बाना
- किशोरावस्था.. एक उम्र, अनेक दिशाएँ
