गुस्सा, एकांत और बेचारा पति Anger, Solitude and the Poor Husband


एक आदमी अख़बार पढ़ते हुए कुर्सी पर बैठा है, जिसमें लिखा है "PHILOSOPHER'S STONE DISCOVERED IN BACKYARD", और सामने एक नाराज़ लड़की पीले कपड़ों में खड़ी है। पीछे हरा लॉन, घर, बिल्ली और कुत्ता दिख रहे हैं।   A bald man sits reading a newspaper with the headline "PHILOSOPHER'S STONE DISCOVERED IN BACKYARD" while a stern girl in a yellow dress stands in front of him. A dog, a house with a cat in the window, and green grass complete the backyard scene.

गुस्सा, एकांत और बेचारा पति:....

(एक विस्तृत पारिवारिक हास्य-व्यंग्य कथा)

दार्शनिक का परिचय

हमारे मोहल्ले में एक ऐसे दार्शनिक रहते थे, जिनका नाम सुनते ही लोग हंसने लगते थे, श्री हरिशंकर पंडित ‘अनुभवी’। अब ‘अनुभवी’ नाम कैसे पड़ा, यह एक अलग कहानी है, लेकिन संक्षेप में कहें तो उन्होंने शादी के 25 साल पूरे कर लिए थे, और वह भी जीवित अवस्था में...

जी हां, जीवित! क्योंकि शादी के बाद कई पुरुषों की आत्मा तो पहले ही दफन हो जाती है, लेकिन पंडित जी की आत्मा न सिर्फ जीवित थी, बल्कि वह मोहल्ले के हर नये दूल्हे को जीवन का मंत्र देने के लिए तैयार रहती थी।एक "अनुभवी आत्मा"...

लोग कहते थे, “पीएचडी कर लो, आईएएस बन जाओ, योग गुरु बन जाओ, पर पंडित जी कहते थे कि असली योग्यता चाहिए तो 20 साल शादी निभाओ।” पंडित जी फिर कहते कि "जिसने शादी के दो दशक पूरे कर लिए,वो ठसक से जीवन जीता है।" 

पंडित जी ने एक फिलॉसफर की तरह जीवन का एक महान सिद्धांत खोजा था, जो वे हर शादीशुदा जोड़े को मुफ्त में बांटते थे। वह सिद्धांत था: “पुरुष गुस्से में एकांत ढूंढता है…लेकिन स्त्री गुस्से में पति ढूंढती है।” 

पहले तो लोग इसे मजाक समझते थे। हंसते थे, कहते थे, “अरे पंडित जी आप भी न!” फिर शादी होती थी। फिर हनीमून का दौर। फिर असली जीवन शुरू। और फिर वे वापस आकर पंडित जी के पैर छूते थे, कहते, “गुरुजी, आपका सिद्धांत सत्य है! हमें क्षमा करें कि हमने मजाक उड़ाया।”

पंडित जी पहले हंसते और फिर गंभीर होके कहते, “बेटा, मैंने भी पहले मजाक समझा था। लेकिन 20 साल की तपस्या ने मुझे ज्ञान दिया। सुनो इसकी पूरी कहानी, क्योंकि सिद्धांत के बिना कहानी के अधूरी है।” 

और फिर वे अपनी कहानी सुनाते, जो हास्य और व्यंग्य से भरी होती। आज हम उसी कहानी को विस्तार से सुनेंगे, क्योंकि छोटी कहानी से काम नहीं चलेगा, पूरी डिटेल में, ताकि आप भी ‘अनुभवी’ बन सकें।

1: गुस्से का भूगोल और इतिहास

गुस्सा भी बड़ा अजीब जीव है, जैसे कोई अनचाहा मेहमान, जो बिना बताए आ तो जाता है लेकिन जल्दी जाने का नाम नहीं लेता। पुरुष के अंदर जब गुस्सा उठता है, तो वह सीधे दिमाग से निकलकर पैरों में उतर जाता है। “थोड़ा टहलकर आता हूं…” यह वाक्य पुरुष जाति का राष्ट्रीय आपातकालीन संदेश है। 

इस संदेश का मतलब एक दम स्पष्ट होता है कि घर में तूफान है, माहौल भारी है। अभी बोलेंगे तो अपना भूगोल तो बिगड़ ही जाएगा और साथ ही अपना इतिहास भी बन जाएगा। जैसे रामायण में रावण का अंत, या महाभारत में कौरवों का नाश। इसलिए बचाओ, हे प्रभु, बचाओ...!

वहीं स्त्री के गुस्से का रूट मैप अलग होता है। वह हृदय से उठकर सीधे तीखी गर्जना वाली आवाज बन जाता है। “कहां हो...सुन रहे हो...?, मैंने अभी तक तुम्हें छोड़ा नहीं है। अब तुम सुनते हो या मैं बोलूं...!” ये शब्द ब्रह्मास्त्र हैं। इनका एक डरावना मतलब होता है।

पुरुष कहता है, “अरे अरे, मैं तो सुन ही रहा हूं...सुनने से पहले भाग जाऊं क्या...?” लेकिन मेरे भाई, भागना आसान नहीं। क्योंकि स्त्री का गुस्सा, रडार की तरह काम करता है। पति जहां भी भागकर जाए, न जाने वो कैसे ट्रैक कर लेती है।

पंडित जी के हिसाब से गुस्से का इतिहास भी बड़ा मजेदार है। रामायण काल में, जब पति लोग अपनी पत्नी से गुस्सा होते, तो वे जंगल में टहलने चले जाते थे।तब पत्नी लोग अपने देवर को भेजकर पति को ढूंढवातीं थीं।

और महाभारत काल में, पत्नी का गुस्सा जब पतियों पर उतरता था तब वे सारे पति एकांत में जाकर सोचते, “अब क्या करें...?” आधुनिक समय में भी यही है। बस जंगल की जगह पार्क हो गया, और देवर की जगह मोबाइल फोन। लेकिन सिद्धांत वही, पुरुष भागता है, स्त्री ढूंढती है।

पंडित जी कहते थे, “गुस्से का भूगोल समझो। पुरुष का गुस्सा, उत्तर दिशा में एकांत की ओर जाता है, जबकि स्त्री का गुस्सा दक्षिण दिशा में, पति की ओर। और जब दोनों मिलते हैं तो वैसा ही विस्फोट होता है जैसे ब्रह्माण्ड के दो गृह आपस में टकराने से होता है...!” 

और फिर पंडित जी वैसे ही हंसते, जैसे कोई वैज्ञानिक अपनी थ्योरी प्रूव कर रहा हो।

2: एक घटना जिसने सिद्धांत को जन्म दिया, विस्तार से

एक दिन की बात है। पंडित जी को ऑफिस में बॉस ने डांट दिया था। फाइल गलत थी, गलती क्लर्क की थी, लेकिन डांट पंडित जी को पड़ी। बॉस बोले, “पंडित, तुम्हारी वजह से कंपनी का नाम खराब हो रहा है! क्या तुम्हें काम आता है ?” 

पंडित जी ने मन ही मन सोचा, “साहब, कंपनी का नाम तो पहले से खराब है, आपकी वजह से। लेकिन बोलूं तो नौकरी जाए।” पंडित जी ऑफिस से घर लौटे। चेहरे पर गुस्सा, आत्मा पर बोझ, मन में क्रांति लिए घर पहुंचे।

‘पंडिताइन’ ने दरवाजे खोलते ही पंडित जी पर हमला बोल दिया। “सुनिए, सिलेंडर खत्म हो गया है। आज रसोई में क्या जादू करूं...?” पंडित जी ने मन ही मन सोचा, “देश में गैस संकट, घर में भी गैस संकट। क्या मैं कोई प्रधान मंत्री हूं जो गैस पाइपलाइन बिछा दूंगा ?”

लेकिन बोले बस इतना, “अभी अभी आया हूं…" लेकिन पंडिताइन नहीं रुकीं। “और ये देखिए, बिट्टू की फीस भी भरनी है। स्कूल से नोटिस आया है। और मम्मी जी कह रही थीं कि उनका ब्लड प्रेशर हाई है, डॉक्टर के पास ले जाना है। और पड़ोस की शर्मा आंटी ने कहा कि उनका बेटा आईआईटी में चला गया, हमारा बिट्टू क्या कर रहा है...? और…और...”

पंडित जी के अंदर का ज्वालामुखी फूटने को था। सोच रहे थे कि, “अब फटूं क्या...?, क्योंकि ऑफिस का गुस्सा फिर घर का गुस्सा, दोनों मिलकर मेरे अंदर भयंकर विस्फोटक बना रहे हैं।” लेकिन...

लेकिन अंदर के अनुभव ने पंडित जी से धीरे से कहा, “नहीं बेटा, चुपचाप कहीं बाहर निकल जा। गुस्सा बाहर जाकर अपने आप ठंडा हो जाता है।” वे चुपचाप चप्पल पहने और निकल गए। लेकिन कहां...? उन्हें खुद नहीं पता। बस, चल पड़े। 

और रास्ते में अंदर एक द्वंद्व...सोचते हुए, “क्यों मैं हमेशा भागता हूं ? क्यों नहीं बोलता ? तभी अंदर के अनुभव ने बिना मांगे उत्तर दिया, "जब बोलूंगा तो उधर से जवाब आएगा, जवाब से बहस, बहस से युद्ध, युद्ध से शांति, शांति से संधि और संधि में मैं ही हारूंगा... हर बार की तरह फिर से...”

3: पुरुष का एकांत स्थल, विस्तृत खोज

अब प्रश्न उठता है कि आखिर पुरुष गुस्से में जाता कहां है ? यह यक्ष प्रश्न एक बड़ा रहस्य है, लेकिन भाई साहब पंडित जी ने इसे भी डीकोड कर लिया था। वो भी कई विकल्प के साथ...।

छत, जहां हवा चलती है, और नीचे से पत्नी की आवाज कम सुनाई देती है। वहां बैठकर पुरुष दूर क्षितिज देखता है, जैसे कोई योगी ध्यान कर रहा हो। असल में सोचता है, “अगर मैं अभी नीचे जाऊं, तो क्या मिलेगा ? खाना  या डांट ?”

बालकनी, अगर छत नहीं है तो बालकनी ही सही। वहां खड़े होकर सिगरेट पीते हैं (जो पत्नी को पता नहीं) और बाहर के नजारे देखते हैं। पड़ोसी की कार देखकर सोचते, “उसकी कार नई है, मेरी पुरानी। लेकिन उसका गुस्सा भी मेरे जैसा ही होगा।”

सड़क, सबसे लोकप्रिय, टहलने के लिए। टहलते-टहलते पार्क पहुंच जाते हैं। रास्ते में जब कुत्ते देखते, तब सोचते, “कुत्ता कितना खुश है, क्योंकि इसकी कोई पत्नी नहीं।”

पान की दुकान, जहां पानवाला पूछता, “भैया, क्या हुआ ? चेहरा उतरा हुआ है ?” तब पति कहता, “कुछ नहीं, बस ऐसे ही।” लेकिन दिल में सोचता, “तुझे क्या बताऊं, भाई।”

चाय की टपरी, एक बेहतरीन ठिकाना.... चाय के साथ चुस्कियां फ्री...चाय पीते हुए सोचते, “चाय काफी गर्म है, लेकिन पत्नी के गुस्से से कम..."। और फिर चाय खतम होते होते अपना गुस्सा ठंडा...”

पार्क की बेंच, अंतिम ठिकाना। वहां बैठकर कुछ नहीं करते। सिर्फ दूर दूर देखते हैं, जैसे जीवन पर शोध कर रहे हों। पर असल में सोचते हैं, “अगर अभी कुछ बोल दिया तो रात का खाना गया, सुबह की चाय गई, और भविष्य की शांति भी गई।”

पंडित जी की थ्योरी से ये ब्रह्मज्ञान मिलता है कि, “पुरुष का गुस्सा बाहर जाकर ऑक्सीजन लेता है। जिससे वह वह ठंडा होकर घर लौट आता है। जैसे फ्रिज में रखा दूध, जो उबलने से बच जाता है।”

4: उधर घर में, पत्नी की रणनीति

इधर पत्नी गुस्से में क्या करती है ? वह पति को ढूंढती है, जैसे कोई शेरनी शिकार ढूंढ रही हो। पहले कमरे में देखती, “अभी तो यहीं थे…” फिर बालकनी, “अच्छा यहां भी गायब!” फिर मोबाइल, “स्विच्ड ऑफ!” अब गुस्सा दोगुना। “एक तो गुस्सा, और ऊपर से भाग भी गए! क्या मैं दुश्मन हूं ?”

अब शुरू होता है फोन पर खोज अभियान। पहले मोहल्ले की आंटी को, “देखिए, आपके जीजाजी फिर निकल लिए। पता नहीं कहां जाते हैं।” आंटी कहती, “भाभी, पार्क में देखो। पुरुष वहीं जाते हैं।” फिर दूसरी पड़ोसी को, “आप चिंता न करो, चाय की दुकान पर होंगे।” तीसरी को, “अरे कहां जाएंगे, पानवाले से पूछो।”

पत्नी सोचती है कि “ये भागते क्यों हैं ? क्या मैं इतनी बुरी हूं ? बस, थोड़ी बात ही तो करनी थी। लेकिन नहीं, भाग गए। अब मैं भी देखती हूं।” और फिर खोज शुरू। मोहल्ले में खबर फैल जाती: “पंडित जी गायब हैं!” पड़ोसी सोचते, “मामला गंभीर है। शायद तलाक ?”

लेकिन असल में पत्नी अपने पति को इसलिए ढूंढती है क्योंकि वह जानती है कि पति ही सबसे सुरक्षित लक्ष्य है। "वह जवाब भी नहीं देगा, बस सुनेगा। और बाद में मनाएगा भी।" 

 5: पार्क का दर्शन, गुप्त संघ

पंडित जी पार्क पहुंचे। बेंच पर बैठे। पास में तीन और पति बैठे थे। सभी की मुद्रा समान, सिर झुकाए, आंखें दूर। एक बोला, “तुम भी ?" पंडित जी, “हां भाई, ऑफिस का गुस्सा, घर का बोझ।” 

दूसरा, “मेरी तो दाल में नमक ज्यादा था। पत्नी बोलीं, ‘तुम्हें स्वाद नहीं पता ?’ मैंने कहा, ‘स्वाद तो है, परन्तु लेकिन…’ बस इतना ही कहा और भाग आया।” तीसरा, “मैंने तो बस ‘ठीक है’ ही कहा था। लेकिन ‘ठीक है’ का मतलब तो ‘नहीं ठीक’ होता है न ?”

सभी ने एक-दूसरे की ओर देखा। यह गुप्त संघ था, “क्रोधित पतियों का मौन संघ”। नियम सख्त, कोई बात नहीं, सिर्फ मौन। लेकिन कभी-कभी बात निकल जाती। एक बोला, “भाई, शादी क्यों की ?” दूसरा, “प्यार था। लेकिन प्यार गुस्से में बदल गया।” तीसरा, “मेरा तो अरेंज्ड था। लेकिन गुस्सा तो सबका एक जैसा।”

पंडित जी सोच रहे थे, “यह संघ दुनिया में हर जगह है। पार्क, चाय की दुकान, सब जगह। लेकिन महिलाओं को शायद पता नहीं।”

6: पत्नी की खोज अभियान, ड्रामा

उधर पत्नी ने खोज तेज कर दी। फोन 1- “कहीं दिखे क्या ? पार्क ?” फोन 2- “चाय की दुकान देखो, लेकिन पार्क में ज्यादा संभावना है।” फोन 3 - “हां हां बेंच पर बैठे हैं।” आखिरकार लोकेशन मिल गई, पार्क। पत्नी पहुँचीं। 

पंडित जी को देखते ही बोलीं, “यहाँ बैठे हो ? मैं वहाँ परेशान हूँ! फोन क्यों बंद किया ?” पंडित जी का गुस्सा हवा में उड़ गया। क्योंकि पत्नी का गुस्सा अब एक्टिव मोड में था। वे सोचे, "ये हो उल्टे बांस बरेली हो गया, लगता है, जैसे भागकर गुस्से के मुख्यालय में आ गया।”

7: संवाद की महाभारत, डायलॉग्स

पत्नी , “भाग क्यों गए ? मैं क्या दुश्मन हूँ?”

पति, खींसे निपोरते हुए “नहीं नहीं मैं भागा नहीं, सिर्फ टहलने ही तो आया था…”

पत्नी, “ सिर्फ टहलने ? घर में इतना काम, और तुम टहलने ? सिलेंडर, फीस, मम्मी जी, सब मैं अकेली संभालूं ?" 

पति, “नहीं भागवान… मैं तो बस यूं ही…” 

पत्नी, “तो सुनते क्यों नहीं ? हमेशा भाग जाते हो। क्या मैं इतनी बुरी हूं ?”

पति ने सोचा, “गुस्से से भागकर युद्ध के मैदान में आ गया। अब क्या कहूं ?” बोले, “सॉरी…”

पत्नी, “सॉरी से काम नहीं चलेगा... चलो घर चलो !”

8: असली रहस्य, मनोविज्ञान

अब आईए मुद्दे पर, असल में पत्नी, पति को इसलिए ढूंढती है क्योंकि वह सबसे सुरक्षित श्रोता है और वह जवाब भी नहीं देगा, बस सुनेगा। बाद में चाय बनाएगा, मनाएगा। पति सोचता, “मैं क्यों ?” लेकिन शादी का लाइसेंस यही कहता है, “पति का कर्तव्य है, सिर्फ सुनना और सहना भी।”

9: विज्ञान क्या कहता है (घरेलू संस्करण), विस्तार

पंडित जी की एक थ्योरी और समझिए, “स्त्री का गुस्सा संवाद की मांग है लेकिन पुरुष के गुस्से की मांग, एकांत और शांति की।” पुरुष का दिमाग कहता, “पहले शांत हो जाओ, फिर बात करेंगे।” वहीं स्त्री का दिल का कहता है कि “पहले बात करेंगे, तभी शांत होंगे।” यही अंतर। 

पंडित जी कहते हैं, गुस्से में पुरुष का ब्रेन ‘फाइट या फ्लाइट’ मोड में जाता है, यानि कि लड़ो या भाग जाओ। सीधा सा घरेलू संस्करण में आप समझ सकते हैं कि, पुरुष भागता है जबकि स्त्री बुलाती है।

पंडित जी ने अपनी थ्योरी को सिद्ध करने के लिए एक बार खतरनाक घरेलू प्रयोग किया, फिर खुद ही अपने प्रयोग के परिणाम की सफलता से गदगद होकर बताते हैं कि “एक बार मैं नहीं भागा। उसका परिणाम, तीन दिन का युद्ध। और अब हमेशा भागता हूं।”

10: निष्कर्ष और अंतिम दर्शन

आखिर में हुआ क्या ? पत्नी बोलीं, “चलिए घर।” पति चुपचाप चले। घर पहुंचकर चाय मिली। पत्नी बोलीं, “आप भी न, गुस्से में बच्चे बन जाते हैं।” पति मुस्कुराए, “और आप गुस्से में टीचर।” दोनों हंस पड़े।

"गुस्सा" दुश्मन नहीं, संवाद की मांग है। पुरुष को एकांत चाहिए, स्त्री को साथ। एक भागता है ताकि गलत न बोल दे। दूसरी ढूंढती है ताकि गलत न रह जाए।

पंडितजी का अंतिम उपदेश, “बेटा, शादी के बाद गुस्सा आए तो याद रखना, भागो जरूर… लेकिन इतना दूर मत भागना कि ढूंढना मुश्किल हो। क्योंकि ढूंढने वाली भी वही है जो मानती है कि तुम, बिना उसके अधूरे हो।”

और इस तरह, पंडित जी का सिद्धांत अमर हो गया। मोहल्ले में हर पति अब पार्क जाता है, और हर पत्नी ढूंढती है। हास्य है, व्यंग्य है, लेकिन सत्य है...

------------------------------------------------------------

सामाजिक ताना-बाना में प्रकाशित संबंधित लेख पढ़ें 

लेखक - मनोज भट्ट, कानपुर        03 फरवरी 2026

-------------------------------------------------------------

👉 सामाजिक ताना-बाना  पारिवारिक एवं सामाजिक सरोकार के अन्य विषय पर लेखों का संग्रह पाएं मेरे हिंदी ब्लॉग में...अपनी प्रतिक्रिया ज़रूर दें...आपकी टिप्पणी मेरे लिए मार्गदर्शन होगी। आपके अनुभव और विचार ही इस “सामाजिक ताना-बाना” को जीवंत बनाते हैं। कृपया फॉलो करें....धन्यवाद 🙏

मनोज भट्ट कानपुर ...

सामाजिक ताना-बाना में प्रमुख लेख Papular Post