डिजिटल दुनिया और किशोरियाँ : सोशल मीडिया का प्रभाव और सावधानियाँ
डिजिटल दुनिया और किशोरियाँ
लड़कियों की किशोरावस्था...भाग 6
“स्क्रीन के पार की सच्चाई : पहचान, दबाव और समझदारी”
आज की किशोरी दो दुनिया में एक साथ जी रही है, यह एक तरफ वैश्विक वास्तविकता है, जहाँ परिवार, स्कूल और समाज है; और दूसरी तरफ डिजिटल दुनिया, जहाँ स्क्रीन, प्रोफाइल, लाइक्स और फॉलोअर्स हैं।
अब आजकल "डिजिटल दुनिया" केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गई, बल्कि यह पहचान, आत्मविश्वास और सोच को गहराई से प्रभावित करने वाली शक्तिशाली माध्यम बन चुकी है।
यह लेख उसी डिजिटल दुनिया की परतों को खोलने का प्रयास है, जहाँ अवसर भी हैं और चुनौतियाँ भी, जहाँ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी है और अनदेखा दबाव भी, साथ में भविष्यगत तमाम संभावित परेशानियां भी।
डिजिटल दुनिया : एक नई वास्तविकता
यूं तो आज हर व्यक्ति के लिए मोबाइल फोन सिर्फ एक उपकरण नहीं, बल्कि एक साथी बन गया है। पढ़ाई, दोस्ती, जानकारी, मनोरंजन, सब कुछ उसी में समाया हुआ है। लेखी किशोरियाँ इस दुनिया में बहुत सहजता से प्रवेश कर रही हैं, लेकिन हर सहजता के पीछे एक अनजाना असर भी छिपा होता है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बिताया गया समय धीरे-धीरे सोच को आकार देता है, क्या अच्छा है, क्या सुंदर है, क्या सफल है… इन सभी की परिभाषा बदलने लगती है।
सोशल मीडिया का आकर्षण और उसका प्रभाव
सोशल मीडिया एक ऐसी जगह है जहाँ हर कोई अपनी “सबसे अच्छी तस्वीर” दिखाता है। यहाँ मुस्कानें सजी होती हैं, ज़िंदगी चमकती हुई लगती है, और हर कोई खुश दिखाई देता है।
लेकिन सच यह है कि जो दिख रहा है, वह पूरी सच्चाई नहीं है।हर पोस्ट के पीछे कई अनकही बातें होती हैं, हर मुस्कान के पीछे संघर्ष भी हो सकता है
किशोरियाँ जब बार-बार इस “परफेक्ट दुनिया” को देखती हैं, तो उनके भीतर एक तुलना शुरू हो जाती है, जैसे, “वो मुझसे ज्यादा सुंदर क्यों है, मेरे पास इतने लाइक्स क्यों नहीं आते, क्या मैं उतनी अच्छी नहीं हूँ ?” इस तरह की तुलना धीरे-धीरे उनके अंदर आत्म-बल को तोड़ सकती है।
बॉडी इमेज और आत्म-स्वीकृति का संकट
डिजिटल दुनिया ने “सुंदरता” की एक सीमित परिभाषा बना दी है, "एक खास रंग, एक खास शरीर, एक खास स्टाइल"। इस परिभाषा को अपना कर आज कल अधिकांश किशोरियाँ काफी हद्द तक एक जैसी नजर आती हैं।
इससे इतर किशोरियां अपने शरीर से असंतुष्ट होने लगती हैं, खुद को आईने में कमतर देखने लगती हैं और दूसरों जैसा बनने की कोशिश में खुद को खोने लगती हैं
उनके लिए यह समझना अत्यंत आवश्यक है कि यह समझना बहुत जरूरी है कि:हर शरीर अलग है, हर चेहरा अपनी अलग कहानी कहता है। इसलिए असली सुंदरता आत्म-स्वीकृति में है
डिजिटल तस्वीरें फिल्टर और एडिटिंग से बनी होती हैं, लेकिन असली जीवन बिना फिल्टर के होता है, and that’s perfectly okay.
“रील” बनाम “रियल” जीवन
स्मार्ट फोन की वजह से आज कल “रील” बनाना एक ट्रेंड बन चुका है। छोटे-छोटे वीडियो, डांस, एक्सप्रेशन, सब कुछ एक खास अंदाज़ में दिखाया जाता है। ये ट्रेंड हर आयु वर्ग को अपने प्रभाव में ले रहा है, चाहे वह शहरी
लेकिन धीरे-धीरे यह ट्रेंड एक दबाव बन जाता है, क्योंकि हर समय कुछ नया और आकर्षक दिखाने का दबाव। दूसरों की नकल करने की आदत और खुद को “वायरल” करने की चाह उन्हें अंत में निराशा से भर देता है।
इस दौड़ में कई बार किशोरियाँ यह भूल जाती हैं कि हर ट्रेंड को फॉलो करना जरूरी नहीं है, हर चीज़ दिखाना ज़रूरी नहीं है, क्योंकि हर लाइक आपकी कीमत तय नहीं करता। रील बनाना गलत नहीं है, लेकिन रियल जीवन को भूल जाना खतरनाक हो सकता है।
साइबर सुरक्षा : सावधानी ही सुरक्षा
डिजिटल दुनिया जितनी खुली है, उतनी ही संवेदनशील भी है। यहाँ एक छोटी सी गलती बड़े जोखिम में बदल सकती है। किशोरियों को कुछ जरूरी एवं सख्त निम्न सावधानियाँ अपनाने की आवश्यकता है:--
अपनी निजी जानकारी (पता, स्कूल, फोन नंबर), निजी तस्वीरें या वीडियो, पासवर्ड या OTP आदि कभी किसी को, किसी भी परिस्थिति में साझा न करें..
साथ ही अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट कभी भी स्वीकार न करें, “बहुत अच्छे” लगने वाले ऑनलाइन दोस्त से सतर्क रहें और ऐसा कोई भी, जो बार-बार निजी जानकारी माँगे, उससे सावधान रहें, दूरी बना लें।
इसके अलावा, नहीं ज्यादा टेक्नोसेवी हैं तो भी कम से कम अपने मोबाईल, लैपटॉप, डेस्कटॉप आदि में प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखें तथा किसी भी असहज स्थिति में तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।
यदि स्थितियां अपने वश से बाहर हों तो,"ब्लॉक और रिपोर्ट" करने में हिचकिचाएँ नहीं, क्योंकि सुरक्षा का मतलब डरना नहीं, बल्कि समझदारी से आगे बढ़ना है।
डिजिटल संवाद और उसकी मर्यादा
इसके बात स्पष्ट समझ लीजिए कि ऑनलाइन बातचीत में शब्दों का असर उतना ही नहीं होता है जितना आमने-सामने की बातचीत में बल्कि उससे ज्यादा होता है। क्योंकि सामने की बातचीत में "हाव भाव" की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है।
जबकि कई बार ऑनलाइन बातचीत में लोग बिना सोचे-समझे कमेंट कर देते हैं, शब्दों में कंट्रोल नहीं होता और भावनाओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है तब ऐसे में ट्रोलिंग और मजाक की सीमा पार हो जाती है।
इसलिए किशोरियों के लिए यह जरूरी है कि वे खुद भी सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करें, दूसरों के व्यवहार से खुद को कमतर न समझे। अपने नकारात्मक कमेंट्स को अपनी पहचान न बनने दें। हमेशा याद रखें, किसी की, आपके लिए अच्छी या बुरी टिप्पणी, आपकी सच्चाई नहीं होती।
डिजिटल आत्म-सम्मान (Digital Self-Worth)
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हमारी आत्म-छवि अब “लाइक्स” और “फॉलोअर्स” पर निर्भर हो गई है? अगर ऐसा है, तो यह एक संकेत है कि हमें खुद से जुड़ने की जरूरत है।
"डिजिटल आत्म-सम्मान" का मतलब है, खुद को स्क्रीन से परे समझना, अपनी पहचान को नंबरों से अलग रखना और अपनी वास्तविक उपलब्धियों को महत्व देना, क्योंकि आप कितने लाइक्स पाती हैं, यह आपकी कीमत नहीं बताता। आपकी सोच, संवेदनशीलता और मेहनत ही आपकी असली पहचान है
समय का संतुलन : स्क्रीन और जीवन के बीच
डिजिटल दुनिया का सबसे बड़ा प्रभाव "समय" पर पड़ता है। कई बार बिना महसूस किए घंटे बीत जाते हैं।ओर इसका सबसे ज्यादा नकारात्मक असर पढ़ाई पर, नींद पर, मानसिक शांति पर पड़ता है।
"समय का प्रबंधन" या संतुलन बनाने के कुछ तरीके अपनाएं जा सकते हैं, जैसे स्क्रीन टाइम तय करें, दिन में कुछ समय “डिजिटल डिटॉक्स” रखें और ऑफलाइन गतिविधियों को समय दें (पढ़ना, खेलना, परिवार से बात करना)
जीवन सिर्फ स्क्रीन में नहीं, उसके बाहर भी बहुत कुछ है।
यदि हम इसके सकारात्मक उपयोग की बात करें तो डिजिटल दुनिया का कई उजला पक्ष भी है। जैसे हर सिक्के के दो पहलू होते हैं उसी तरह डिजिटल दुनिया भी केवल नकारात्मक नहीं है। अगर सही तरीके से उपयोग किया जाए, तो यह बहुत शक्तिशाली साधन बन सकती है।
क्योंकि इसमें सीखने के अनेकानेक असीमित अवसर है, जैसे ऑनलाइन विभिन्न प्रकार के बहुउपयोगी कोर्स उपलब्ध हैं, जो आप में नई स्किल्स पैदा करेंगी। इसमें हर किसी के लिए प्रेरणादायक कहानियों का संसार है।
ये दुनिया आपको अभिव्यक्ति का वैश्विक मंच देती है, जिसमें आप लेखन कार्य में नाम कमा सकते हैं, कला के क्षेत्र से संबंधित अपनी रुचि के अनुसार काम कर सकते हैं और सबसे महत्वपूर्ण, अपने विचारों को साझा करना बहुत आसान होता है।
डिजिटल दुनिया में समान सोच वाले लोगों से जुड़ना अत्यंत सुलभ है। जिससे नई दृष्टि और नया अनुभव प्राप्त होता है। अतः फर्क सिर्फ उपयोग के तरीके में है।
डिजिटल दुनिया में खो जाना आसान है, लेकिन खुद को बनाए रखना चुनौती है।
खुद से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए कुछ छोटे छोटे कदम उठाने से ही अपने आप को खोज सकते हैं।हर दिन खुद से पूछें, “मैं कैसा महसूस कर रही हूँ ?” दूसरों से अपनी तुलना बिल्कुल भी न करें, तभी आत्म-स्वीकृति बढ़ेगी।
- एक छोटी सी सच्चाई, डिजिटल दुनिया को साधन बनाएं, लक्ष्य नहीं।
- आपकी पहचान किसी ऐप, किसी फोटो या किसी कमेंट से तय नहीं होती।
- आप उससे कहीं ज्यादा गहरी, संवेदनशील और मजबूत हैं।
- डिजिटल दुनिया आपको दिखा सकती है कि “क्या बनना है”
लेकिन यह आप तय करेंगी कि “आप कौन हैं।”
लेखक का आज की किशोरियों से विनम्र आव्हान
डिजिटल दुनिया एक आईना है, लेकिन यह आईना हमेशा सच्चा नहीं होता। इसलिए जरूरी है कि आप अपने भीतर का आईना साफ रखें।
जहाँ समझ हो, वहाँ संतुलन आता है, जहाँ संतुलन हो, वहाँ आत्मविश्वास जन्म लेता है।
और जब एक किशोरी डिजिटल दुनिया को समझदारी से अपनाती है, तो वह केवल खुद को नहीं, बल्कि अपने भविष्य को भी मजबूत बनाती है।
लेखक - मनोज कुमार भट्ट, कानपुर
-----------------------------------------
👉 पारिवारिक एवं सामाजिक सरोकार के अन्य विषय पर लेखों का संग्रह पाएं मेरे हिंदी ब्लॉग सामाजिक ताना-बाना में आपके अनुभव और विचार ही इस “सामाजिक ताना-बाना” को जीवंत बनाते हैं।
उपरोक्त श्रृंखला के अन्य लेख पढ़ने हेतु कृपया नीचे शीर्षक पर क्लिक करें 👇
- शिक्षा : डिग्री से आगे की समझ...(लड़कियों की किशोरावस्था...भाग 5)
- समाज की निगाहें और किशोरियों की राह.. (लड़कियों की किशोरावस्था-भाग-4)
- घर से संवाद..(लड़कियों की किशोरावस्था-भाग-3)
- अपनी पहचान की खोज.. (लड़कियों की किशोरावस्था-भाग-2)
- एक उम्र, अनेक दिशाएँ... (लड़कियों की किशोरावस्था-भाग-1)
अपनी प्रतिक्रिया ज़रूर दें...आपकी टिप्पणी मेरे लिए मार्गदर्शन होगी। कृपया फॉलो करें....मनोज भट्ट, कानपुर ...धन्यवाद 🙏
