बदलते समाज में बुजुर्गों की उपेक्षा: एक नैतिक और सामाजिक संकट
लेखक: मनोज भट्ट,
भारतीय समाज की आत्मा हमेशा से सम्मान, सह-अस्तित्व और संवेदना में बसती रही है। यहाँ उम्र बढ़ने के साथ व्यक्ति का महत्व बढ़ता था, घटता नहीं। बुजुर्ग केवल परिवार के सदस्य नहीं, बल्कि संस्कारों के संवाहक, परंपराओं के रक्षक और जीवन के कठिन मोड़ों पर मार्गदर्शक माने जाते थे।
अब बुजुर्गों का अनुभव बोझ समझा जाने लगा है
आज का समाज एक विचित्र विरोधाभास से गुजर रहा है। एक ओर हम विकास, तकनीक और आधुनिकता की बात करते हैं, दूसरी ओर अपने ही घरों में बैठे उन लोगों को अनदेखा कर देते हैं।
जिन्होंने हमें चलना, बोलना और जीना सिखाया। जिनके पास हर क्षेत्र से संबंधित एक लंबी उम्र का अनुभव होता है और जो "सामाजिक ताना-बाना" के मजबूत आधार हैं, अब हम उन्हें महत्व नहीं देते।
बदलते सामाजिक ढांचे में बुजुर्गों की उपेक्षा केवल एक पारिवारिक समस्या नहीं रह गई है बल्कि यह एक गंभीर सामाजिक संकट और नैतिक पतन का संकेत बन चुकी है।
भारतीय पारिवारिक संरचना: अतीत से वर्तमान तक
कभी भारतीय समाज की पहचान संयुक्त परिवारों से होती थी। दादा-दादी, नाना-नानी केवल रिश्ते नहीं थे, बल्कि बच्चों की पहली पाठशाला हुआ करते थे। कहानियाँ, लोककथाएँ, जीवन के अनुभव, सब कुछ पीढ़ी दर पीढ़ी स्वाभाविक रूप से स्थानांतरित होता था। संयुक्त परिवार, सुरक्षा और संवाद का आधार होते थे।
कभी घर में बुजुर्गों की उपस्थिति का अर्थ होता था, सभी के अंदर भावनात्मक स्थिरता, सभी के निर्णयों में संतुलन और संकट के समय धैर्य स्थापित करने वाला।
आधुनिकता और विघटन
आज वही संयुक्त परिवार एकल परिवारों में सिमटते जा रहे हैं। आर्थिक दबाव, नौकरी, स्थानांतरण और व्यक्तिगत स्वतंत्रता ने पारिवारिक ढांचे को कमजोर कर दिया है।
बुजुर्ग या तो गांव में अकेले रह जाते हैं, या शहरों में बच्चों के साथ रहते हुए भी भावनात्मक रूप से निर्वासित हो जाते हैं।
सामाजिक परिवर्तन और उसके गहरे प्रभाव
(1) शहरीकरण और पलायन
तेजी से बढ़ते शहरीकरण ने परिवारों को भौगोलिक रूप से ही नहीं, मानसिक रूप से भी तोड़ दिया है। क्योंकि आज के युवा बेहतर अवसरों की तलाश में शहरों की ओर जाते हैं। जबकि बुजुर्ग पीछे छूट जाते हैं और वे सूने घरों में कमजोर सामाजिक नेटवर्क के साथ असुरक्षा और अकेलेपन के बीच उनका शेष जीवन दूभर हो जाता है।
(2) डिजिटल युग में जुड़ाव या दूरी...?
विडंबना यह है कि हम पहले से कहीं अधिक “कनेक्टेड” हैं, फिर भी पहले से कहीं अधिक अकेले हैं। क्योंकि मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और वर्चुअल दुनिया ने, संवाद को सतही बना दिया है जिसकी वजह से भावनाओं को इमोजी तक सीमित कर दिया है।
यही कारण है कि इस स्थिति ने हमारे बुजुर्गों को तकनीकी रूप से पिछड़ा महसूस कराया, घर में सब साथ होते हुए भी, कोई किसी से वास्तविक संवाद नहीं करता।
(3) कार्य संस्कृति और समय का अभाव
आज की कार्य संस्कृति “परिणाम” पर केंद्रित है, “रिश्तों” पर नहीं। काम, लक्ष्य, प्रमोशन और प्रतिस्पर्धा के बीच बुजुर्गों के लिए समय नहीं है, किसी के पास उनकी बातों को सुनने का धैर्य नहीं और न ही उनके अनुभवों के लिए सम्मान।
बुजुर्गों की वर्तमान स्थिति
(1) अकेलापन और मानसिक स्वास्थ्य
आज के समाज में बुजुर्गों का अकेलापन, एक मौन पीड़ा बनकर सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। संवाद की कमी से अवसाद, चिड़चिड़ापन और आत्मग्लानि जैसी निरर्थकता की भावना, उन्हें एक भयावह मनःस्थिति की ओर धकेल देती है।
कई बुजुर्ग बोलते नहीं, शिकायत नहीं करते, बस धीरे-धीरे खामोशी अपना लेते हैं। यह स्थिति "सामाजिक ताना-बाना" के लिए भविष्य में भयावह रूप ले सकता है।
(2) सम्मान की गिरती भावना
जिस व्यक्ति की बात कभी अंतिम मानी जाती थी, आज उसे, “आपको क्या पता, जमाना बदल गया है ”,कहकर चुप करा दिया जाता है। समाज और परिवार के किसी भी बुजुर्ग के लिए यह वाक्य केवल असहमति नहीं, बल्कि उनका स्पष्ट अपमान है, जो उनके आत्मसम्मान को गहराई से चोट पहुंचाता है।
(3) स्वास्थ्य और देखभाल की उपेक्षा
यूं तो उम्र के साथ शरीर कमजोर होता है, पर बुजुर्गों को मन के सहारे की अधिक आवश्यकता होती है। उनके लिए भावनात्मक सहारा लगभग शून्य हो चुका है। यहां तक कि उनके बीमार होने पर डॉक्टर के पास ले जाने में टालमटोल किया जाता है तथा उन्हें दवा भी समय पर नहीं मिलती।
जब स्थितियां और खराब हो जाती हैं तो मजबूरी में वृद्धाश्रम की शरण में जाना पड़ता है। कई बुजुर्ग वृद्धाश्रम को आश्रय नहीं, पर मजबूरी के रूप में अपनाते हैं।
उपेक्षा के मूल कारण
बुजुर्गों की उपेक्षा के कई कारण होते हैं
(1) पारिवारिक आपसी संवाद का माहौल लगभग समाप्त सा होता जा रहा है। आज परिवार में “सुनना” कम और “कहना” ज्यादा हो गया है। इसका भावनात्मक रूप से नकारात्मक प्रभाव सबसे ज्यादा बुजुर्गों पर पड़ते देखा जा सकता है। क्योंकि उनकी भावनाएँ अनसुनी, अनकही और अनदेखी रह जाती हैं।
(2) पीढ़ियों के बीच सोच का अंतर निरंतर बढ़ता जा रहा है। जहां नई पीढ़ी गति चाहती है, वही बुजुर्ग स्थिरता। नई पीढ़ी स्वतंत्रता चाहती है और बुजुर्ग संबंधों के साथ जीना चाहते हैं। यह अंतर संवाद से पाटा जा सकता है, टकराव से नहीं, पर संवाद ही सबसे पहले गायब हो गया है।
(3) संवेदनशीलता का ह्रास
विचारणीय है कि समाज में सहानुभूति की जगह उपयोगिता ने ले ली है। जो “काम का नहीं”, वह “बोझ” समझ लिया जाता है और यही सबसे खतरनाक सोच उभर कर सामने आ रही है।
सामाजिक और नैतिक दायित्व
आज की पीढ़ी को यह नहीं भूलना चाहिए कि प्रत्येक बुजुर्ग, अपने आप में "अनुभव का जीवंत" पुस्तकालय है। बुजुर्ग केवल अतीत नहीं हैं, वे जीवित इतिहास हैं। उनके अनुभव हमें धैर्य, व्याहारिक संतुलन और मानवीय दृष्टि सिखा सकते हैं।
समाधान की दिशा में व्यावहारिक कदम
सर्वप्रथम वर्तमान पीढ़ी को अपने बुजुर्गों को परिवार में पुनः भूमिका का एहसास कराने के लिए, पारिवारिक निर्णयों में शामिल करना, घर की जिम्मेदारियों में भागीदारी देना चाहिए।यह सब उन्हें फिर से जरूरी होने का एहसास कराता है।
दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु, उन्हें समय देना और सुनना शुरू करना चाहिए। दिन का केवल १५ मिनट भी यदि सच्चे मन से दिया जाए, तो बुजुर्गों का दिन और शायद जीवन बदल सकता है। उनकी कहानियों को लिखना और उनकी बातों को रिकॉर्ड करना चाहिए।
भावनात्मक यथार्थ...एक आईना
मत भूलें कि समाज का प्रत्येक बुजुर्ग हमारे अतीत के साक्षी हैं, वर्तमान के मार्गदर्शक हैं और भविष्य के लिए चेतावनी भी। क्योंकि जब हम उन्हें उपेक्षित करते हैं, तो दरअसल हम अपने ही आने वाले कल को उपेक्षित कर रहे होते हैं।
सीधी सी बात यह है कि आने वाले समय में, समाज से हम जो अपने लिए चाहते हैं, वैसा हमें आज अपने बुजुर्गों को देना होगा, क्योंकि जो हम आज उन्हें दे रहे हैं, वह सब कुछ हमारे बच्चे देख और समझ रहे हैं। इसलिए हमें अपने कल के लिए सावधान रहना होगा।
एक आवश्यक संकल्प...
बदलते समाज में बुजुर्गों की उपेक्षा केवल चिंता का विषय नहीं यह आत्ममंथन की मांग है। हमें तय करना होगा कि हम किस तरह का समाज चाहते हैं, जहाँ अनुभव बोझ हो या जहाँ उम्र का सम्मान हो।
आइए, आज ही संकल्प लें कि...
" हम अपने घरों में, अपने शब्दों में, अपने व्यवहार में बुजुर्गों को वह स्थान देंगे जिसके वे सच्चे अधिकारी हैं। क्योंकि जिस समाज में बुजुर्ग सुरक्षित और सम्मानित हों, वही समाज सच में सभ्य कहलाने योग्य होता है..."
लेखक, मनोज भट्ट, कानपुर
12 जनवरी 2026
लेखक, मनोज भट्ट, कानपुर
12 जनवरी 2026
------------------------------------------------------- “सामाजिक ताना-बाना”
अपनी प्रतिक्रिया ज़रूर दें...आपकी टिप्पणी मेरे लिए मार्गदर्शन होगी। आपके अनुभव और विचार ही इस “सामाजिक ताना-बाना” को जीवंत बनाते हैं। पारिवारिक एवं सामाजिक सरोकार विषय पर लेखों का संग्रह पाएं मेरे हिंदी ब्लॉग सामाजिक ताना-बाना में। लेख शीर्षक पर क्लिक करें..👇
कृपया फॉलो करें....मनोज भट्ट कानपुर ...धन्यवाद 🙏
--------------------------------------------------------
